– आदर्श सेवा संस्थान, सोनारी,जमशेदपुर में आयोजित कार्यक्रम
जमशेदपुर.
वर्कर्स पीपुल्स कोलिशन (डब्ल्यूपीसी),ग्राम स्वराज अभियान (जीएसए) और विभिन्न सामाजिक जन-संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में अखिल भारतीय श्रमिक सम्मान यात्रा के तहत आज आदर्श सेवा संस्थान, सोनारी,जमशेदपुर में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में असंगठित मजदूरों के हक और अधिकारों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान मजदूरों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने,मजदूरी दरों में सुधार करने और असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए समग्र सामाजिक सुरक्षा अधिकार को भारतीय संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत मौलिक अधिकार के रूप में मान्यता देने की मांग पर जोर दिया गया। साथ ही सामाजिक सुरक्षा के लिए एक ठोस कानून बनाने की आवश्यकता पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा अधिनियम (ईएसआईसी) के तहत सभी असंगठित मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा की सुविधाएं मिलनी चाहिए। इसके अलावा, राष्ट्रीय बजट का कम से कम 10% हिस्सा असंगठित कामगारों की कल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा पर खर्च किया जाना चाहिए।
यह श्रमिक सम्मान यात्रा 24 जनवरी से पूरे भारतवर्ष के विभिन्न राज्यों के मजदूरों और सामाजिक संगठनों के साथ जनसंवाद कर 25 फरवरी को दिल्ली के जंतरमंतर में सभा का आयोजन किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में मजदूर संगठनों,सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने की प्रतिबद्धता जताई।
इस कार्यक्रम के दौरान सर्व सेवा संघ से अरविंद अंजुम, इप्टा से अर्पिता, सृजन भारती संस्था से विक्रम झा, औसाज इंडिया से सलिल कुमार कार, व्यक्तित्व विकास संस्थान एवं झारखंड स्ट्रीट वेंडर यूनियन से दिलीप जायसवाल राष्ट्रीय घरेलू कामगार संगठन से सुलोचना, आदर्श सेवा संस्थान से लखी दास, प्रभा जायसवाल, एक्शन ऐड संगठन से सरिता, ललिता, अरुण और तपन भी उपस्थित रहे।